मोहाली। जिला पुलिस ने विशेष मुहिम के तहत दो अलग-अलग मामलों में कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी की 13 बाइक, एक एक्टिवा और एक ऑल्टो कार बरामद की है। पहले मामले में पुलिस ने जसकरण सिंह निवासी शिवालिक विहार जीरकपुर की शिकायत पर 11 नवंबर को थाना जीरकपुर में अज्ञात आरोपी के खिलाफ बाइक चोरी का मामला दर्ज किया था। एंटी-नारकोटिक सेल मुबारकपुर की टीम ने उन्हें गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। इनकी पहचान विवेक कुमार निवासी गांव पडियाला कुराली, हरप्रीत सिंह निवासी मोरिंडा हाल वासी पडियाला और साहिल निवासी गढ़शंकर के रूप में हुई है। इनको पुलिस ने गाजीपुर रोड जीरकपुर से गिरफ्तार किया है।
दूसरी तरफ सीआईए स्टाफ खरड़ की टीम बस स्टैंड खरड़ के पास मौजूद थी। जहां एसआई हरभेज सिंह को सूचना मिली कि कमलप्रीत सिंह उर्फ कमलू निवासी चोल्टा कलां और बीरबल कुमार निवासी बडाला वाहनों और मोटरसाइकिल चोरी की वारदात में शामिल है। काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर खरड़ क्षेत्र में किसी नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों को तलाश कर काबू कर किया। इनके खिलाफ थाना सिटी खरड़ में मामला दर्ज कर जांच की गई तो इनके पास से वाहनों की बरामदगी हुई। एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि एसपी इंवेस्टिगेशन सौरव जिंदल, एसपी ऑपरेशन तलबिंदर सिंह और डीएसपी इंवेस्टिगेशन राजन परमिंदर सिंह की अगुवाई में सीआईए स्टाफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर हरमिंदर सिंह और एंटी-नारकोटिक सेल मुबारकपुर के इंचार्ज इंस्पेक्टर मलकियत सिंह की टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार किया है।