मोहाली में सोहाना थाने की पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए पंजाबी सिंगर एली मांगट की मुश्किलें बढ़ गईं है। रम्मी रंधावा को धमकाने के केस के साथ ही पुलिस ने मांगट पर धार्मिक भावनाएं भड़काने के तहत दूसरा केस दर्ज किया है। वहीं, वीरवार को जब आरोपी सिंगर को अदालत में पेश किया गया तो सरकारी वकील ने दलील दी कि बुधवार रात जब उन्हें गिरफ्तार किया गया था तो उस समय हवाई फायर किए गए थे। ऐसे में इस मामले की जांच करनी है।
हथियार भी बरामद करने हैं इसलिए उन्होंने पुलिस की तरफ से आरोपी का सात दिन का रिमांड मांगा। वहीं बचाव पक्ष के वकील ने इसका विरोध करते हुए कहा कि उस समय लड़कों ने बुलेट के पटाखे किए थे। ऐसी कोई बात नहीं है। ऐसे में इतना लंबा रिमांड नहीं बनता है। सारे पक्षों को सुनने के बाद अदालत ने आरोपी को दो दिन के रिमांड पर भेज दिया जबकि रम्मी रंधावा वाले केस में उसे जमानत मिल गई।
सिंगर एली मांगट को मीडिया व समर्थकों से बचाने के लिए पुलिस ने काफी पहल की। वह उसे अदालत की बेसमेंट से लिफ्ट से सीधे अदालत में लेकर पहुंची। वहां पर एली मागंट के समर्थक व कुछ जानकार पहुंचे थे। इस दौरान एली मांगट के वकील ने कहा कि उसने उसने सीधे सेक्टर-88 में पहुंचकर आत्मसमर्पण किया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार नहीं किया है।
वहीं एली मांगट पर जो धार्मिक भड़काने का मामला दर्ज हुआ है, उसके पीछे की वजह यह है कि जब एली मांगट और रम्मी रंधावा में जुबानी जंग चल रही थी तो इस दौरान मांगट ने रम्मी को कहा था कि उसने अपने गले में पांच रुपये का कैंठा पहना हुआ जबकि दोबारा गलती से उसके मुंह से खंडा निकल गया था। इसके चलते यह सारी स्थिति बनी है।
मांगट व गैंगस्टरों के संबंधों की पुलिस कर रही है जांच
वहीं पुलिस सूत्रों की माने तो पुलिस की टीमें अब एली मांगट व गैंगस्टरों के संबंधों की भी जांच कर रही है। उनके ग्रुप में कौन से लोग शामिल हैं। इस बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है क्योंकि कुछ समय पहले जब गैंगस्टर दिलप्रीत सिंह उर्फ बाबा को पकड़ा था तो उस समय सामने आया था कि एक सिंगर की मदद से उसका एक गुर्गा विदेश गया था।
हथकड़ी को छुपाता रहा, कहा- कोई फायरिंग नहीं हुई
जब मांगट को अदालत में पेश किया गया तो उसका कहना था कि वह बेकसूर है। इस दौरान वह अपनी हथकड़ी कपड़े से छुपाता रहा। उसने मीडिया कर्मियों को कहा कि आपने भी वीडियो देखी है, उसमें मैंने क्या गलत बोला। उसका कहना है कि वह इस मामले में बाद में ही कुछ बोलेंगे। हालांकि इस दौरान उन्हें चलने में भी दिक्कत आ रही थी।