आजाद ग्रुप के उम्मीदवारों के लिए प्रचार करतीं गायिका अनमोल गगन मान।
- फोटो : MOHALI
मोहाली। नगर निगम चुनाव के लिए सभी पार्टियों के स्टार प्रचारक अब शहर पहुंचना शुरू हो गए हैं। इसी कड़ी में सोमवार को आजाद ग्रुप और आम आदमी पार्टी के वार्ड-32 से सांझे उम्मीदवार सुरिंदर सिंह रोडा के पक्ष में प्रचार के लिए ‘आप’ की वरिष्ठ नेता व गायिका अनमोल गगन मान शहर पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने खुद ट्रैक्टर चलाकर आजाद ग्रुप के पक्ष में चुनाव प्रचार किया। चलता हुआ ट्रैक्टर ही उम्मीदवार का चुनाव निशान भी है। इसके बाद मान ने वार्ड-34 से सुखदेव सिंह पटवारी के पक्ष में चुनाव प्रचार किया। सभा को संबोधित करते हुए अनमोल गगन मान ने कहा कि पंजाब के लोग अकाली दल और कांग्रेस से तंग आ चुके हैं। इन पारंपरिक पार्टियों को अस्वीकार कर अब मतदाता परिवर्तन चाहते हैं, क्योंकि अकालियों और कांग्रेस ने पंजाब को लूटा है। गगन मान ने कहा कि मोहाली नगर निगम चुनावों में आजाद ग्रुप और आम आदमी पार्टी के सांझे उम्मीदवार सभी सीटों से रिकॉर्ड तोड़ जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में बलबीर सिद्धू लोगों की सार नहीं ले पाए, तो दूसरी ओर पूर्व मेयर कुलवंत सिंह ने जरूरतमंदों की हरसंभव मदद की। कुलवंत सिंह ने पांच साल में मेयर के रूप में मोहाली में विकास किया है, जो सभी के सामने है।