खरड़। पितृ पक्ष के उपलक्ष्य में पितरों की मोक्ष कामना के लिए श्री सनातन धर्म मंदिर दशमेश एनक्लेव वार्ड नंबर-7 में शनिवार को श्रीमद्भागवत सप्ताह कथा ज्ञानयज्ञ का शुभारंभ हुआ। कथा से पहले मंदिर परिसर से श्रद्धालुओं ने कलश यात्रा निकाली। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर धार्मिक भजनों और जयकारों के बीच यात्रा में भाग लिया। श्रद्धालुओं ने पूरे मार्ग में भक्ति और आस्था का माहौल बनाए रखा। कलश यात्रा के बाद मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ कथा ज्ञानयज्ञ की शुरुआत हुई।
व्यास पीठ पर उत्तराखंड धाम से पहुंचे कथा प्रवक्ता डॉ. वीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने पहले दिन श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा सुनाई। कथा का आयोजन श्री सनातन धर्म मंदिर सभा एवं सनातन धर्म मंदिर महिला मंडली दशमेश एनक्लेव की ओर से किया जा रहा है। आयोजन में विभिन्न महिला संकीर्तन मंडलियों का भी सहयोग रहेगा। कथा के आयोजक गौतम चक्रवर्ती और अमित त्यागी ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 3 अक्तूबर को सुबह 7 से 11 बजे तक पूजन एवं हवन होगा। इसके बाद 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक कथा का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान फूलों की होली भी खेली जाएगी। कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारा भी लगाया जाएगा।