मोहाली। धार्मिक आस्था और भक्ति के बीच सोमवार को श्री राधा कृष्ण मंदिर एवं धर्मशाला,फेज-2 में भगवान शिव जी की दिव्य 108 ज्योत आरती एवं भव्य संगीतमय कीर्तन का आयोजन किया गया। सैकड़ों दीपों की रोशनी, मधुर भजनों और हर-हर महादेव के जयघोष से मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने परिवार सहित पहुंचकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दुर्गा प्रसाद ने विधिवत शिव चालीसा पाठ के साथ किया। इसके बाद भगवान शिव जी की 108 ज्योत आरती श्रद्धापूर्वक संपन्न करवाई गई। आरती के दौरान मंदिर में उपस्थित श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए। इसके उपरांत भव्य संगीतमय कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें मधुर भजनों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
इस अवसर पर मंदिर सभा के प्रधान अतुल शर्मा ने कहा कि जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ और जीवन के अन्य शुभ अवसरों को प्रभु की आराधना से जोड़ना एक सराहनीय परंपरा है। इससे परिवार में धार्मिक संस्कार मजबूत होते हैं और समाज में आध्यात्मिक वातावरण बनता है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे अपने विशेष अवसरों पर मंदिर में पूजा-अर्चना और 108 ज्योत आरती करवाएं तथा धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में भी सहयोग दें।
कार्यक्रम के अंत में सामूहिक आरती की गई। श्रद्धालुओं ने सुख-शांति और समृद्धि की कामना कर प्रसाद ग्रहण किया।