मोहाली। बलौंगी थाना क्षेत्र के जुझार नगर में हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 125 और आर्म्स एक्ट की धाराओं 25, 54, 59 के तहत कार्रवाई शुरू की है।
जुझार नगर निवासी संदीप सिंह ने पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि गली नंबर-9 निवासी मुख्तियार सिंह और उसका बेटा अमन लंबे समय से हथियार का दुरुपयोग कर मोहल्ले में भय का माहौल बना रहे हैं। 29 जून की रात करीब साढ़े 9 बजे मुख्तियार सिंह ने अपनी राइफल से गली में हवाई फायर किए। इससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि आरोपी पहले भी कई बार ऐसी फायरिंग कर चुके हैं। संदीप सिंह ने घटना की वीडियो क्लिप पेन ड्राइव में पुलिस को सौंपी है। उन्होंने आरोपियों के हथियार जब्त करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जांच जारी
पुलिस के अनुसार, शिकायत और उपलब्ध कराई गई वीडियो क्लिप की प्रारंभिक जांच में मुख्तियार सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में नामजद अमन की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।