शॉपिंग स्ट्रीट पर अब नहीं रहेगा अंधेरा, नगर निगम लगाएगा नई स्ट्रीट लाइटें
शहर में कई जगह बंद पड़ी हैं स्ट्रीट लाइटें, अंधेरे का फायदा उठाकर अपराधी कर रहे थे वारदात
माई सिटी रिपोर्टर
मोहाली। शहर की शॉपिंग स्ट्रीट का सौंदर्यीकरण करने के लिए नगर निगम की ओर से रंग-बिरंगी लाइट लगवाई गईं थी। इसका समय-समय पर ध्यान रखा जाना था, लेकिन इसके कुछ समय बाद ही इन रंग-बिरंगी लाइटों को किसी ने चोरी कर लिया था। अब शॉपिंग स्ट्रीट सिर्फ ग्रीन बेल्ट तक सिमटकर रह गई हैं। न्यू बस स्टैंड से लेकर पीटीएल चौक तक के इलाके में अधिकतर स्ट्रीट लाइट बंद रहती हैं। इस कारण इलाके में छीना-झपटी की वारदातें बढ़ गई हैं। नगर निगम ने इन स्ट्रीट लाइटों को ठीक करवाने का काम शुरू कर दिया है और अब इलाके में कहीं भी अंधेरा नहीं रहेगा। वहीं, रोशनी रहेगी तो इससे छीना-झपटी की वारदातें भी घटेंगी।
बता दें कि लंबे समय से इन लाइटों की देखरेख नहीं की जा रही थी। ज्यादातर लाइटें बंद रहती थीं। अब लोगों की शिकायतें मिलने के बाद नगर निगम ने कर्मचारियों को भेजकर इन्हें ठीक करवाना शुरू कर दिया है।
रंग-बिरंगी लाइटिंग देखने आते थे लोग
शॉपिंग स्ट्रीट के डिवाइडर पर निगम ने पेड़ों के नीचे रंग-बिरंगी लाइटिंग की थी। इसके बाद यहां शाम को रोशनी से सुंदर नजारा बनने के बाद बड़ी संख्या में लोग इसे देखने के लिए आने लगे थे। नगर निगम के इस प्रयास की मार्केट एसोसिएशन ने भी सराहना की थी। एसोसिएशन ने कहा था कि इससे उनके काम में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने निगम से दोबारा ऐसी व्यवस्था करने को कहा है।
कोट
शॉपिंग स्ट्रीट पर लगाई गई स्ट्रीट लाइट की देखरेख का काम नगर निगम का है। वहां पर रूटीन में स्ट्रीट लाइटों को ठीक किया जाता है। वहीं, इसके अलावा अगर कहीं स्ट्रीट लाइट बंद है तो उसे जल्द ही ठीक कर दिया जाएगा। -कमलदीप सिंह, इंजीनियर, नगर निगम