डेराबस्सी। रामलीला ग्राउंड में एक दुकान के बाहर आर्टिफिशियल ज्वेलरी बेचने वाली महिला के साथ दुकानदार की ओर से छेड़छाड़ की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। आरोपी की पहचान अमन बैग स्टोर के मालिक संदीप कुमार निवासी गांव त्रिवेदी कैंप के रूप में हुई है।
थाना प्रभारी अजितेश कौशल ने बताया कि एक महिला ने थाने में शिकायत दी थी जिसका आरोप था कि अमन बैग स्टोर के मालिक संदीप के साथ हिस्सेदारी में काम शुरू किया था। दुकान के बाहर उसने स्टॉल लगाकर ज्वेलरी बेचने का काम शुरू किया था। 18 नवंबर को संदीप उसे सामान खरीदने के लिए जयपुर साथ ले गया। अंबाला से रेलगाड़ी में बैठते ही संदीप ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। फिर जयपुर पहुंचकर रात को कमरे में भी अश्लील हरकतें करता रहा। लौटकर जब वह डेराबस्सी पहुंचे तो रास्ते में संदीप ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि अगर उसने किसी से कुछ कहा तो अंजाम अच्छा नहीं होगा। महिला का आरोप है कि संदीप दुकान पर भी उसके साथ छेड़छाड़ करता रहता है। थाना प्रभारी ने पीड़ित की शिकायत पर संदीप के खिलाफ मामला दर्ज कर केस अंबाला कैंट पुलिस को ट्रांसफर कर दिया है। अगली कार्रवाई रेलवे पुलिस की ओर से की जानी है।