जीरकपुर। वीआईपी रोड की एक दुकान से 55 लाख के 100 से ज्यादा मोबाइल और दो लाख की नकदी चोरी करने के मामले में दुकान मालिक ने सीसीटीवी की मदद से एक चोर को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया है। दयालपुरा गांव की झुग्गियों से मोबाइल के आठ बॉक्स भी बरामद हो गए हैं। बरामद आठ बॉक्स में से चार खाली और चार पैक मोबाइल बरामद हुए हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि दुकान मालिक और अन्य लोगों के सहयोग से चोर को पकड़ने के साथ ही मोबाइल के बॉक्स बरामद किए हैं।
दयालपुरा गांव के नजदीक सैकड़ों झुग्गियां बनी हुई हैं। इसमें ज्यादातर मजदूर, कबाड़ी और प्रवासी लोग रह रहे हैं। लोगों की जांच में दयालपुरा गांव की झुग्गियों में चोरी के मोबाइल के आठ बॉक्स बरामद मिले हैं। दुकानदार हरदीप जिंदल ने बताया की उन्होंने सीसीटीवी की फुटेज दिखाई तो एक व्यक्ति ने एक पर संदेह जताया। इसके बाद खुलासा हुआ और सामान भी बरामद हुआ है। इन झुग्गियों में रहने वाले किसी भी व्यक्ति की पुलिस वेरिफिकेशन नहीं की जाती है। इन झुग्गियों से कई अपराधी, चोर और तस्कर पकड़े जा चुके हैं। कट्टे भी पकड़े जा चुके हैं।
टीम भेजकर चेक करवा लेते हैं, हमने पहले भी जमीन मालिक को नोटिस भेजे थे। दोबारा भेजकर खाली करवाने के बोल देते हैं। फिर भी नहीं
माने तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। -जतिंदर सिंह बैंस, एसडीओ जीरकपुर