बारी नहीं थी फिर भी खोली दुकान, समझाने गए तो उलझा दुकानदार
संवाद न्यूज एजेंसी
जीरकपुर। पंजाब सरकार की गाइडलाइंस के बाद मोहाली जिला प्रशासन की तरफ से जीरकपुर की बलटाना फर्नीचर मार्केट के लोगों के लिए दुकानों को खोलने को लेकर लागू किया ऑड-ईवन सिस्टम अब दुकानदारों के लिए असमंजस की स्थिति बन गया है।
आलम यह है कि फर्नीचर मार्केट के दुकानदार एक-दूसरे की दुकान को बंद करवाने को लेकर आपस में ही उलझ रहे हैं। गत दिवस एक दुकानदार ने अपनी दुकान लगातार 2 दिन खोलकर रखी और दूसरी ओर, अन्य दुकानदार जब उसको समझाने गया तो दोनों आपस में उलझ गए। इसका नतीजा यह हुआ कि मामला पुलिस चौकी तक पहुंच गया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत करवाया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने मामले से खुद को अनजान बताया।
पुलिस ने शांत करवाया मामला
जानकारी के मुताबिक बलटाना फर्नीचर मार्केट में प्रशासन की तरफ से ऑड-ईवन सिस्टम लागू किया गया है। इसके तहत एक दुकानदार को सोमवार, बुधवार और शुक्रवार और दूसरे को मंगलवार, वीरवार और शनिवार को दुकान खोलने की मंजूरी प्रदान की गई है। लेकिन गत दिवस चौरसिया फर्नीचर के मालिक ने अपनी दुकान को पहले सोमवार और फिर मंगलवार को भी खोल दिया। इसकी जानकारी मिलते ही अन्य दुकानदार उसके पास आ पहुंचे, जिन्होंने उसको नियम बताते हुए दुकान को बंद करने के लिए कहा। उक्त दुकानदार ने दुकान बंद करने की बजाय अन्य दुकानदारों के साथ बहसबाजी शुरू कर दी और देखते हुए देखते मामला बलटाना पुलिस चौकी तक पहुंच गया। इसके बाद पुलिस चौकी से आए अधिकारियों ने दोनों पक्षों के बीच बीच-बचाव करते हुए मामले को शांत करवाया।
एसडीएम ने शिकायत के बावजूद नहीं की कार्रवाई : पम्मी
बलटाना फर्नीचर मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मी ने बताया कि प्रशासन द्वारा फर्नीचर मार्केट में ऑड-ईवन सिस्टम के तहत दुकानें खोलने का नियम तो लागू किया है, परंतु नियमों की अवहेलना करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाती। अगर कोई दुकानदार अन्य दुकानदार को समझाने की कोशिश करता है तो उनकी आपस में कहासुनी शुरू हो जाती है। परमजीत सिंह पम्मी ने बताया कि मामले को लेकर एसडीएम डेराबस्सी कुलदीप बावा को शिकायत दी गई, लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की।
कोट्
मुझे इस मामले के बारे में जानकारी नहीं मिली है। इस संबंधी सुबह के समय एक बार याद करवा देना। इसके बाद मामले की जांच करवाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। -कुलदीप बावा, एसडीएम कम ड्यूटी मजिस्ट्रेट, सब-डिवीजन डेराबस्सी।