मोहाली। बुधवार की शाम तेज आंधी और तूफान आने से सेक्टर-79 में केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए बनाए जा रहे फ्लैटों की साइट पर लगाई गई 20 फीट ऊंची टिन की चादरें सेक्टर के निवासियों के वाहनों पर गिर गईं, जिससे कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। वीरवार को सुबह मौके पर पहुंचे पार्षद हरजीत सिंह भोलू ने बताया कि सेक्टर-79 में सोहाना थाने के सामने वाली जगह पर केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए फ्लैटों का निर्माण किया जा रहा है और निर्माण ठेकेदार ने चारों तरफ 20 फीट ऊंची टीन की चादरें लगाकर जगह को छुपा दिया गया था। इसको लेकर लोगों ने एतराज जताया था। लेकिन इसके बावजूद सोसाइटी के ठेकेदार ने कोई सुनवाई नहीं की। इसके बाद बुधवार शाम को आंधी के कारण चादरें उनके वाहनों पर गिर गई और काफी नुकसान हुआ। हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। लोगों ने नुकसान के मुआवजे की मांग की है।