मोहाली। शहर के पुलिस विभाग के सात अधिकारियों की पिछले साल की उपलब्धियों और बेहतरीन कारगुजारी को देखते हुए मुख्यमंत्री रक्षक पदक और मुख्यमंत्री मेडल फॉर आउटस्टैंडिंग डिवोशन फॉर ड्यूटी के लिए सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान इनको 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित की ओर से पटियाला में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में दिया जाएगा। इन सम्मानित होने वाले अधिकारियों में मोहाली के डीएसपी डिटेक्टिव गुरशेर सिंह संधू और जीरकपुर के थाना प्रभारी सिमरजीत सिंह के अलावा पांच और अधिकारियों के नाम शामिल हैं। इनमें स्पेशल सेल इंटेलीजेंस हेडक्वार्टर मोहाली में तैनात सब इंस्पेक्टर सुखविंदर सिंह, सब इंस्पेक्टर मेजर सिंह, सब इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह, सब इंस्पेक्टर गुरमुख सिंह और मोहाली पुलिस में तैनात सब इंस्पेक्टर अमनदीप वर्मा हैं। इन सभी अधिकारियों को 26 जनवरी को पटियाला में होने वाले राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस सम्मान समारोह में पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
14 फरवरी, 2023 को डीएसपी गुरशेर सिंह संधू और मोहाली सीआईए स्टाफ ने अलग-अलग जगहों पर रिवाल्वर के बल पर लोगों की गाड़ियां छीनने वाले गिरोह के मुख्य सरगना को काबू करने में सफलता हासिल की थी। पुलिस को इनसे तीन रिवाल्वर, एक कट्टा और 15 कारतूस बरामद किए थे।
26 फरवरी, 2023 को डीएसपी गुरशेर सिंह संधू और सीआईए स्टॉफ ने अंबाला-शंभू टोल प्लाजा के पास एनकाउंटर के दौरान दो अपराधियों को गिरफ्तार किया था। इनमें आरोपी गौरव शर्मा और तरुण ने आठ फरवरी को मोहाली के गांव बलौंगी में एक युवक हरदीप के हाथ की उंगलियां काट दी थी और इस वारदात का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल किया था।
30 अगस्त, 2023 को डीएसपी गुरशेर सिंह संधू और उनकी टीम ने गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया गिरोह के एक गुर्गे को एयरपोर्ट रोड के पास गांव शताबगढ़ में थोड़ी देर हुई गोलीबारी के बाद गिरफ्तार कर लिया था। इस गुर्गे की पहचान अनिल बिश्नोई के रूप में हुई थी। वह गांव घरुआन, हरियाणा में हुई गोलीबारी की वारदात में शामिल था।
खुद को मुख्य सचिव बताने वाले को दबोचा था
30 सितंबर, 2023 को डीएसपी गुरशेर सिंह संधू ने एक धोखेबाज एजेंट को गिरफ्तार किया था जो खुद को हरियाणा राज्य सरकार का मुख्य सचिव बताता था। वह आमतौर पर बंदूकधारियों के साथ लग्जरी गाड़ियों में घूमता था। वह लोगों से 35 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी कर चुका था। आरोपी सरबजीत सिंह संधू लोगों को विदेश में बसाने का झांसा देकर करीब 300 लोगों को ठग चुका था।
27 नवंबर 2023 को डीएसपी गुरशेर सिंह संधू व उनकी टीम ने अमृतसर से गन प्वाइंट पर ऑडी कार लूटकर भाग रहे तीन बदमाशों को जुझार नगर में घेरा। इस मुठभेड़ में जवाबी फायरिंग में पुलिस ने ऑडी कार के टायर में गोली मारकर उसे पंक्चर कर दिया था, लेकिन तीनों बदमाश कार को छोड़कर भाग गए थे।
28 अक्टूबर, 2023 को डीएसपी गुरशेर सिंह संधू ने आतंकवादी मॉड्यूल के तीन आरोपियों शकील अहमद, लवप्रीत सिंह उर्फ लंबू उर्फ संधू और सरूप सिंह उर्फ रूप उर्फ घोला को गिरफ्तार किया था। यह आरोपी पाकिस्तानी आतंकी हरविंदर सिंह रिंदा के लिए काम करते थे।
16 दिसंबर, 2023 को डीएसपी गुरशेर सिंह संधू ने टीम के साथ मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों राजपुरा निवासी परमवीर सिंह उर्फ प्रिंस और कुरुक्षेत्र के करमजीत सिंह को दबोचा था। आरोपियों पर कारजैकिंग, जबरन वसूली की धमकी के 12 से अधिक के दर्ज थे।
एसएचओ सिमरजीत सिंह गिल ने जीरकपुर में हुए एनकाउंटर में दबोचे कई गैंगस्टर
इसी तरह जीरकपुर के एसएचओ सिमारजीत सिंह गिल ने पिछले साल 13 अक्तूबर, 2 नवंबर, 7 नवंबर और 12 दिसंबर को अलग-अलग जगह हुए एनकाउंटर में पुलिस ने कई गैंगस्टरों को गिरफ्तार किया था। इनमें ज्यादातर गैंगस्टरों की टांग पर गोली लगी थी। इन सभी ऑपरेशन में डीएसपी विक्रम बराड़ के साथ जीरकपुर थाने के एसएचओ सिमरजीत सिंह शेरगिल भी साथ थे। इसके अलावा बाकी स्पेशल सेल के मुलाजिमों ने पंजाब में अलग-अलग जगह से गैंगस्टरों को पकड़ने में अपनी अहम भूमिका निभाई और बेहतरीन तरीके से अपनी जिम्मेदारी निभाई