मोहाली। कोरोना महामारी का संकट गहराया हुआ है। बुधवार को सात लोगों की मौत हो गई। जबकि 713 लोग संक्रमित पाए गए हैं। मृतकों में 60 साल से लेकर 93 साल तक के लोग शामिल हैं। इसके साथ ही जिले में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या 12922 पहुंच गई, जबकि 722 लोग अब तक जान गंवा चुके हैं।
डीसी गिरीश दियालन ने लोगों से अपील कि वह कोरोना गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन करें और वैक्सीन का टीका लगवाकर खुद को स्वस्थ बनाए रखें। बुधवार को जिन सात लोगों की मौत हुई है सेहत विभाग की ओर से उनके बारे में ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई।
जबकि जो नए संक्रमित पाए गए हैं उनमें डेराबस्सी के 114, ढकोली के 143, लालड़ू के 20, बूथगढ़ के 18, घडुआं के 51, खरड़ के 112, कुराली के 17, बनूड़ के 32 और मोहाली के 205 लोग शामिल हैं। इसके साथ ही जिले में अब तक कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या का आंकड़ा 57872 पर पहुंच गया है। इनमें से 44228 लोग तंदुरुस्त हुए हैं।
बता दें कि मोहाली जिला संक्रमण के मामले में जहां पंजाब में टॉप में चल रहा है, वहीं, टीकाकरण में भी सबसे आगे है। जिले में दो लाख से अधिक लोगों का टीकाकरण हो चुका है और इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा कई कदम उठाए जा रहे हैं।