फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mohali News: पभात क्षेत्र में सात घंटे के अघोषित कटों से दुकानदार परेशान, हो रहा हजारों का नुकसान

विज्ञापन
विज्ञापन
जीरकपुर। पभात क्षेत्र में अघोषित बिजली कटों ने बाजार की रफ्तार थाम दी है। दुकानदारों का कहना है कि हफ्ते में कम से कम तीन दिन सुबह 10 से लेकर शाम 7 बजे तक बिजली की आपूर्ति बाधित रहती है। यह वही समय होता है जब बाजार में सबसे ज्यादा ग्राहकों की आवाजाही रहती है। ऐसे में लंबी कटौती के कारण व्यापार पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। इससे छोटे व्यापारियों की आर्थिक स्थिति पर सीधा असर पड़ रहा है। स्थानीय व्यापारियों के अनुसार बिजली न होने से इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकानें, मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर, फोटोस्टेट व साइबर कैफे, ब्यूटी पार्लर, रेडीमेड गारमेंट्स, किराना स्टोर और अन्य प्रतिष्ठान बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।
विज्ञापन

कई दुकानों में बिलिंग मशीनें, कंप्यूटर, कार्ड स्वाइप मशीन और सीसीटीवी सिस्टम पूरी तरह ठप हो जाते हैं, इससे कामकाज रुक जाता है। गर्मी और उमस के बीच पंखे और एसी बंद रहने से ग्राहक दुकान में रुकने से कतराते हैं और बिना खरीदारी लौट जाते हैं। दुकानदारों का कहना है कि लंबे कटों के कारण रोजाना हजारों रुपये का नुकसान हो रहा है। जिन दुकानों में फ्रिज या डीप फ्रीजर हैं, वहां सामान खराब होने का भी खतरा बना रहता है। छोटे व्यापारियों का आरोप है कि यदि पहले से स्पष्ट और तय शेड्यूल दिया जाए तो वे वैकल्पिक व्यवस्था कर सकते हैं, लेकिन अघोषित कटों के कारण अचानक काम ठप हो जाता है।
स्थानीय लोगों और व्यापार मंडल से जुड़े सदस्यों ने प्रशासन व बिजली विभाग से मांग की है कि या तो बिजली कटौती का स्पष्ट और पारदर्शी शेड्यूल जारी किया जाए या फिर बाजार क्षेत्र को कटौती से राहत दी जाए। उनका कहना है कि लगातार बिजली संकट से न केवल व्यापार प्रभावित हो रहा है, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियां भी धीमी पड़ रही हैं। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो वे सामूहिक रूप से प्रदर्शन करने पर मजबूर होंगे। फिलहाल पूरे पभात क्षेत्र में बिजली समस्या को लेकर रोष व्याप्त है और लोग प्रशासन से त्वरित हस्तक्षेप की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
विज्ञापन








66 केवी लाइन को अपग्रेड किया जा रहा है, जिससे मौजूदा 66 केवी लाइन पर लोड कम पड़ेगा। हमारा उद्देश्य है कि मार्च माह तक यह कार्य पूरा कर लिया जाए, ताकि गर्मियों में लगने वाले बिजली कटों से लोगों को राहत मिल सके।
विज्ञापन






राकेश भाटिया, एसडीओ, बिजली विभाग
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें