जीरकपुर। शहर के पटियाला चौक से लेकर लोहगढ़ मोड़ तक की पूरी सर्विस रोड इन दिनों पार्किंग जोन में तब्दील हो चुकी है। स्थानीय लोगों और दुकानदारों की गाड़ियां सड़क किनारे खड़ी रहने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ गई है। इस सर्विस रोड पर हर समय भारी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन खड़े रहते हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी होती है। हालात यह हैं कि पटियाला चौक से शुरू होकर लोहगढ़ मोड़ तक का क्षेत्र जाम से त्रस्त है।
कई बार एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं के वाहन भी इस जाम में फंस जाते हैं।स्थानीय निवासियों गुरप्रीत सिंह, जगजीत सिंह, महेश कुमार, संजय का कहना है कि ट्रैफिक पुलिस की तरफ से समय-समय पर अभियान चलाए जाने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हो पाया है। इसी तरह फौजी ढाबे से पटियाला रोड की तरफ जाने वाले हाईवे किनारे भी वाहन मालिक मनमाने तरीके से अपनी गाड़ियां खड़ी कर देते हैं। इससे न सिर्फ ट्रैफिक का प्रवाह बाधित होता है, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस से मांग की है कि यहां नियमित रूप से जांच अभियान चलाया जाए और गलत तरीके से वाहन खड़े करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था बनाई जाए ताकि लोगों को भी सुविधा मिले और यातायात व्यवस्था भी सुचारू रहे।
हम समय-समय पर गलत तरीके से खड़े किए वाहनों के चालान काटते रहते हैं। आज फिर से यह कार्रवाई की जाएगी। इस सड़क पर दुकानदारों का सामान या बोर्ड पार्किंग की जगह पर लगाए गए हैं। उन पर नगर परिषद की इंफोर्समेंट टीम कार्रवाई करेगी। - गुरवीर सिंह बड़ैच, प्रभारी, ट्रैफिक पुलिस जीरकपुर।