लालड़ू। आठ दिन पहले ट्रेन के सामने कूदकर जान देने वाली युवती का बुधवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस ने मामले में मंगलवार रात एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद परिवार व इलाका निवासियों द्वारा आईटीआई चौक पर दिया जा रहा धरना समाप्त हो गया। बुधवार दोपहर लालड़ू मंडी के श्मशान घाट में युवती का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान परिजनों सहित वहां मौजूद तमाम लोगों की आंखें नम थीं।
हलका विधायक एनके शर्मा, आम आदमी पार्टी से कुलजीत सिंह रंधावा, नवजोत सैनी, पंजाब एग्रो इंडस्ट्री के उप चेयरमैन मनप्रीत सिंह बनी संधू, नगर काउंसिल जीरकपुर के प्रधान उदयवीर सिंह ढिल्लों आदि उपस्थित थे।
युवती टेक्नीकल एजूकेशन एंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट सेक्टर 36, चंडीगढ़ में बतौर क्लर्क तैनात थी। उसने 23 जून को लालड़ू में शताब्दी ट्रेन के आगे आकर खुदकुशी कर ली थी। सुसाइड नोट में अपने ही विभाग के सुपरिंटेंडेंट भूपिंदर सिंह व सीनियर असिस्टेंट अरविंदर सिंह को जिम्मेवार ठहराया था। दोनों उसे काफी समय से परेशान कर रहे थे। रेलवे पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। गिरफ्तार आरोपी अरविंदर सिंह को बुधवार को डेराबस्सी अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 2 दिन के रिमांड पर भेजा है। दूसरा आरोपी फरार है।