मोहाली। पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के आने के कारण मोहाली में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। जगह-जगह पर नाके लगाए गए हैं। आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। शनिवार को भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ पंजाब यूनिवर्सिटी में आ रहे हैं। चंडीगढ़ एयरपोर्ट से पंजाब यूनिवर्सिटी तक पहुंचने के लिए उनका काफिला मोहाली के आइसर से होते हुए ट्रिब्यून चौक की तरफ आएगा। इस कारण इस रास्ते पर जगह-जगह नाकेबंदी कर दी गई है। उनके विमान की लैंडिंग के समय एयरपोर्ट रोड पर भी नाकेबंदी की जाएगी पुलिस सूत्रों से पता चला है कि उनकी इस यात्रा के दौरान मोहाली में करीब 730 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। संवाद