जीरकपुर। जीरकपुर के गांव सिंघपुरा में एक जमीन पर कब्जा करने की नीयत से वहां चौकीदारी कर रहे चौकीदार को कुछ लोगों ने पीट डाला। घायल चौकीदार को ढकोली के हेल्थ कम्युनिटी सेंटर में दाखिल करवाया गया है। कब्जा करने और चौकीदार को पीटने के आरोप में एक स्थानीय बिल्डर और पंचकूला के कांग्रेसी नेता सहित दर्जन के करीब अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के अंतर्गत केस दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई घायल चौकीदार के बयान पर दर्ज की है।
मामले की जानकारी देते घायल कुलविंदर सिंह निवासी गांव बेर माजरा थाना लालड़ू ने बताया कि वह बीते डेढ़ साल से मोहाली निवासी आलमजीत सिंह मान के पास नौकरी कर रहा है। वह मंगलवार सुबह साढ़े सात बजे उनकी चंडीगढ़ अंबाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर जमीन में बने दफ्तर में था। इस दौरान अमित नंदा और कांग्रेसी नेता पवन कुमार शर्मा अपने अज्ञात साथियों के साथ जमीन पर कब्जा करने की नीयत से आए। आते ही उन्होंने उसे पीटना शुरू कर दिया। आरोपियों के पास एक नीले रंग का ट्रैक्टर और एक इनोवा कार थी जिसमें हथियार व डंडे रखे हुए थे। दोनों ने इनोवा से हथियार निकालकर उस पर हमला कर दिया। घायल करने बाद में वह उसे अपनी इनोवा में अगवा कर ले गए और उसके शोर मचाने पर पुलिस स्टेशन के नजदीक फैंककर फरार हो गए। उसे राहगीरों ने ढकोली अस्पताल में दाखिल करवाया।
रंजिशन किया हमला : चौकीदार
चौकीदार ने बताया कि हमले की वजह रंजिश है। हमलावर उसके मालिक आलमजीत सिंह मान की जमीन पर धक्के से कब्जा करना चाहते हैं। मारपीट की सारी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जो पुलिस को दे दी गई है।
फुटेज से अज्ञात हमलावरों की कर रहे पहचान : एएसआई
मामले की जानकारी देते हुए जांच अधिकारी एएसआई बलजिंदर सिंह ने बताया कि अमित नंदा और कांग्रेसी नेता पवन कुमार शर्मा निवासी पंचकूला व उनके अज्ञात साथियों के खिलाफ केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर अज्ञात साथियों की पहचान की जा रही है।