मोहाली। सेक्टर 76-80 की एन्हांसमेंट संघर्ष कमेटी ने कन्वीनर करम सिंह धनोआ की अगुवाई में गमाडा की सीए साक्षी साहनी से मुलाकात की। इस दौरान कमेटी के सदस्यों ने लंबे समय से चल रही एन्हांसमेंट राशि की समस्या पर विस्तार से चर्चा की। कमेटी के सदस्य और पार्षद हरजीत सिंह भोलू ने बताया कि पहले सेक्टर 76-80 के निवासियों को जो एन्हांसमेंट पत्र भेजे थे, उनमें अधिक दरों के साथ भारी ब्याज और पेनल्टी भी जोड़ी जा रही थी। इससे लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया था और निवासियों में भारी रोष था। मुलाकात के दौरान सीए कमेटी को आश्वासन दिया कि पुराने दरों के आधार पर जारी किए गए एन्हांसमेंट पत्रों की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने बताया कि अब संशोधित और कम दरों के अनुसार नए पत्र जारी किए जाएंगे, जिससे लोगों को काफी राहत मिलेगी। इसके अलावा जिन निवासियों ने पहले ही अधिक राशि जमा करवाई है, उन्हें भी नियमों के तहत समायोजन या राहत दी जाएगी। कमेटी ने इस सकारात्मक पहल के लिए अधिकारियों का धन्यवाद किया और उम्मीद जताई कि जल्द ही इस मुद्दे का स्थायी समाधान निकलेगा। इस मौके पर हरदयाल सिंह, अवतार सिंह, मेजर सिंह और लाभ सिंह सहित कई अन्य सदस्य मौजूद रहे।