मोहाली। सेक्टर-87 में जमीन की वसीयत को लेकर बहनोई अमनदीप सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें पंजाब के अलग-अलग जिलों में छापेमारी कर रही हैं। वहीं, पुलिस ने आरोपियों के फरार होने के दौरान इस्तेमाल की गई इनोवा को ट्रैक करने के लिए विभिन्न टोल प्लाजा से सीसीटीवी फुटेज भी हासिल की है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की गतिविधियों और उनके संभावित ठिकानों का पता लगाने में जुटी है।
मामले में थाना सोहाना पुलिस ने मृतक की पत्नी रमणदीप कौर के बयान पर उसके भाई परदीप सिंह निवासी नानूमाजरा और उसके अज्ञात साथी के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया था। मंगलवार शाम करीब 5:40 बजे सेक्टर-87 स्थित प्रॉपर्टी कार्यालय के बाहर अमनदीप सिंह पर चाकू और रॉड से हमला किया गया था। गंभीर हालत में उसे श्री गुरु हरकृष्ण अस्पताल सोहाना ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात के बाद आरोपी परिवार की इनोवा गाड़ी लेकर फरार हुए थे। अब पुलिस टोल प्लाजा पर लगे कैमरों की फुटेज खंगालकर गाड़ी के रूट का पता लगा रही है। इसके अलावा संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने वारदात स्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम की भी मदद ली है। पुलिस चाकू और रॉड समेत वारदात में इस्तेमाल हथियारों की बरामदगी के प्रयास कर रही है।
डीएसपी सिटी-2 हरसिमरन सिंह बल ने बताया कि आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। टोल प्लाजा की सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के भागने के रूट को ट्रैक किया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास है।