डेराबस्सी। एसडीएम डेराबस्सी अमित गुप्ता ने सोमवार को अधिकारियों के साथ भांखरपुर में यातायात स्थिति की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान, एसडीएम ने एनएचएआई के अधिकारियों को यातायात को अस्थायी रूप से डायवर्ट करने का निर्देश दिया ताकि मरम्मत कार्य बिना किसी देरी के पूरा किया जा सके। उन्होंने यातायात पुलिस से भी अपील की कि वह कार्य पूरा होने तक वाहनों के आवागमन को सुचारू बनाने में एनएचएआई को पूरा सहयोग दें। इसके अलावा डेराबस्सी के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने भी व्यक्तिगत रूप से स्थिति का जायजा लेने के लिए घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने क्षतिग्रस्त हिस्से पर इंटरलॉकिंग पेवर ब्लॉक बिछाने सहित कार्य की प्रगति की समीक्षा की और आश्वासन दिया कि कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।