मोहाली। वीकेंड लॉकडाउन के दौरान एयरपोर्ट रोड पर नाके पर तैनात पुलिस मुलाजिमों ने जब स्कॉर्पियो सवार युवकों को रोका तो उन्होंने पुलिस मुलाजिमों पर कार चढ़ाने की कोशिश की। हालांकि पुलिस मुलाजिमों का बचाव हो गया और आरोपी भागने में कामयाब रहे।
मटौर थाने के इंचार्ज मनफूल सिंह ने बताया कि मुलाजिमों ने कार का नंबर नोट कर लिया है। पुलिस कार मालिक को ट्रेस कर उसे गिरफ्तार करेगी।
वीकेंड लॉकडाउन के दौरान शनिवार की रात पुलिस गुरुद्वारा श्री सिंह शहीदां के पास नाका लगाकर चेकिंग कर रही थी। तभी चंडीगढ़ की तरफ से आती काले रंग की स्कॉर्पियों को रुकने का इशारा किया। लेकिन कार में बिना मास्क के बैठे युवकों ने कार भगाने के चक्कर में पुलिस मुलाजिमों पर कार चढ़ाने की कोशिश की। युवकों के साथ एक युवती भी बैठी हुई थी। इस मामले में थानेदार बलबीर चंद ने उच्च अधिकारियों को शिकायत देकर कार का नंबर नोट करवा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बता दें कि एक हफ्ते में यह चौथा मामला है जब पुलिस मुलाजिमों पर कार चढ़ाने की कोशिश की गई। सभी मामलों में पुलिस मुुलाजिमों का बचाव हो गया।