मोहाली। बलौंगी फ्लाईओवर पर ट्रक के नीचे आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय विशाल शर्मा के रूप में हुई है। वह खरड़ सेक्टर-127 की इलाइल होम्स सोसाइटी का रहने वाला बताया जा रहा है। टक्कर के बाद ट्रक का टायर विशाल शर्मा के सिर के ऊपर से गुजर गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। भागते समय ट्रक चालक ने अन्य वाहनों को भी टक्कर मारी। उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
चंडीगढ़ में प्राइवेट नौकरी करने वाला विशाल शर्मा अपनी एक्टिवा पर खरड़ की ओर जा रहा था। जब वह बलौंगी फ्लाईओवर के पास पहुंचा तो एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया। हादसे में वह नीचे गिरा और ट्रक का टायर उसके सर के ऊपर से निकल गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि खून से लथपथ लाश सड़क पर पड़ी रही। हादसे के दो घंटे तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इस दौरान लंबा जाम लग गया। मौके पर पहुंचे बलौंगी थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।