नयागांव में टैंकर से पानी भरती महिला और गलियों में घूम रहे पानी के टैंकर
- फोटो : MOHALI
नयागांव। आदर्श नगर निरंकारी भवन इलाके में पानी की समस्या को दूर करने के लिए ट्यूबवेल की व्यवस्था तो कर दी, लेकिन पानी की सप्लाई दूसरे इलाके में दी जा रही है। स्थानीय लोगों द्वारा आरोप लगाए जा रहे हैं कि वाटर सप्लाई डिपार्टमेंट उन्हें गुमराह कर रहा है।
पिछले साल इलाके में पानी की सुविधा के लिए पाइपलाइन डालकर कनेक्शन जोड़े गए थे परंतु उसके बाद से इलाके में कई दिन तक पानी नहीं आया। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि इलाके में पानी की समस्या शुरू से ही बनी हुई है। पिछले चार दिन से पानी सप्लाई बाधित होने पर बुधवार को वॉटर सप्लाई विभाग में शिकायत करने के बावजूद लोगों को पानी के लिए दिन भर इंतजार करना पड़ा। इस कारण शुभम, राजेश, लज्जाराम, वरुण, मुकुल समेत अन्य लोगों ने विभाग के खिलाफ रोष जताया।
मजबूरी में मंगवाने पड़ रहे है महंगे दामों पर पानी के टैंकर
वॉटर सप्लाई विभाग की अनदेखी के कारण पानी की तंगी के चलते स्टोर किया हुआ पानी खत्म होने के बाद कई लोगों को निजी तौर महंगे दामों पर पानी के टैंकर मंगवाने पड़ रहे है। ऊपर से पानी के टैंकर वाले भी मजबूरी का फायदा उठाकर जल्दी टैंकर लेकर चले जाते हैं। शुभम, राजेश, लज्जाराम, वरुण, मुकुल सहित अन्य लोगों का कहना है कि वॉटर सप्लाई डिपार्टमेंट की अनदेखी से लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है।
इलाके में ऐसी कोई समस्या नहीं है। सिर्फ कल रात को मोटर खराब हुई थी। आज सुबह साढ़े ग्यारह बजे से शाम चार बजे तक पानी की सप्लाई दी गई है। -सतपाल, जेई, वॉटर सप्लाई नयागांव