मोहाली। नगर निगम के कॉन्ट्रैक्ट सफाई कर्मचारी, सीवर मैन, आउटसोर्स कर्मचारी और पब्लिक टॉयलेट कर्मियों ने लंबित मांगों को लेकर 9 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। सफाई सेवक मजदूर यूनियन के प्रधान अजीत सिंह ने बताया कि कर्मचारियों की नौ मांगें लंबित हैं। इनमें 500 रुपये विशेष भत्ता, पब्लिक टॉयलेट कर्मचारियों को डीसी रेट पर वेतन व ईएसआई-पीएफ तथा आउटसोर्स सीवर मैन को वर्ष 2021 से लंबित एरियर का भुगतान प्रमुख हैं। यूनियन ने कहा कि लिखित आश्वासन नहीं मिलने पर हड़ताल शुरू की जाएगी, जिससे शहर की सफाई और सीवरेज व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।