जीरकपुर। पटियाला हाईवे से हाई ग्राउंड रोड की ओर जाने वाले प्रवेश द्वार पर बने गहरे गड्ढे वाहन चालकों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गए हैं। प्रतिदिन हजारों की संख्या में वाहन चालक इस बदहाल सड़क से गुजरते हैं। सड़क की खराब हालत के कारण दोपहिया वाहन चालक अक्सर गिरकर चोटिल हो जाते हैं। बरसात के मौसम में यह समस्या और भी गंभीर हो जाती है, जब गड्ढों में पानी भरने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। चार पहिया वाहन चालकों को भी अपने वाहनों को गड्ढों से बचाकर निकालने में मशक्कत करनी पड़ती है। रात के समय सड़क पर पर्याप्त रोशनी न होने के कारण गड्ढे आसानी से दिखाई नहीं देते।
इससे हादसों का खतरा और बढ़ जाता है। यह मार्ग गांव नाभा, हाई ग्राउंड रोड पर स्थित विभिन्न सोसाइटियों और नाभा-प्रभात रोड पर बनी दर्जनों सोसाइटियों को जोड़ता है। हादसों का बढ़ता खतरा सड़क पर बने गहरे गड्ढे वाहन चालकों के लिए लगातार खतरा बने हुए हैं। दोपहिया वाहन चालक अक्सर इन गड्ढों के कारण गिरकर चोटिल हो जाते हैं। बरसात के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी वास्तविक गहराई का अनुमान लगाना मुश्किल हो जाता है। इससे तेज गति से आ रहे वाहन अचानक गड्ढे में फंसकर अनियंत्रित हो सकते हैं। रात के समय रोशनी की कमी के कारण यह स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। संवाद
हाई ग्राउंड रोड के प्रवेश द्वार पर बने गड्ढों को जल्द भरवाकर सड़क की मरम्मत करवाई जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले समस्या का स्थायी समाधान हो सके। यह हमारे नाभा गांव का मुख्य रास्ता है। - सुरजीत नाभा, समाजसेवी
हाई ग्राउंड रोड के प्रवेश द्वार पर लंबे समय से गड्ढे बने हुए हैं। प्रशासन द्वारा इस तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा। यहां पर सड़क को तुरंत ठीक करवाया जाना चाहिए। - महेंद्र पाल नाभा, कांग्रेसी नेता
हाई ग्राउंड रोड के प्रवेश द्वार से प्रतिदिन गुजरने वाले हजारों वाहनों को भारी परेशानी होती है। यही रास्ता सीधा एयर फोर्स स्टेशन को जाता है जहां पर केंद्रीय विद्यालय भी है। आम लोगों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस सड़क को तुरंत ठीक किया जाना चाहिए। - लक्की नाभा, समाजसेवी
इस सड़क की हालात और गड्ढों की समस्या हमारे ध्यान में है। इस सड़क को बनाने के लिए सारी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। जल्द ही इस सड़क को बनाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। - मेजर सिंह, जेई, नगर परिषद जीरकपुर