मोहाली। पंजाब सफाई मजदूर फेडरेशन ने आईटी सिटी सेक्टर-66बी में डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने के ठेके के विरोध में मोर्चा खोल दिया है। फेडरेशन ने 11 सितंबर से शहर की सफाई व्यवस्था ठप कर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी है। यह कदम मांगों का समाधान न होने पर उठाया जाएगा।
फेडरेशन के प्रदेश महासचिव पवन गोड़ियाल ने बताया कि फेज-9 पार्क में हुई बैठक में सफाई सेवकों और गारबेज कलेक्टरों ने ठेके का विरोध किया। उन्होंने आरोप लगाया कि अकाली दल से संबंधित पार्षद हरविंदर सिंह ने अपने करीबी व्यक्ति को कूड़ा उठाने का काम दिया है। मौजूदा गारबेज कलेक्टरों को धमकियां देने का भी दावा किया गया है। बैठक में चार सफाई सेवकों की सेवा समाप्ति का मुद्दा भी उठा। नेताओं ने उन्हें दोबारा ड्यूटी पर लगाने की मांग की। इसके साथ ही कथित ठेका रद्द करने और ठेके पर काम कर रहे सफाई कर्मियों का ईएसआई अपडेट कर राशि जमा करवाने की भी मांग की गई।
प्रदर्शन की रणनीति
फेडरेशन ने चेतावनी दी है कि 11 सितंबर से डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने सहित शहर की पूरी सफाई बंद कर दी जाएगी। इसके बाद अकाली दल के हलका इंचार्ज परविंदर सिंह सोहाना के आवास पर प्रदर्शन होगा। नगर निगम कार्यालय के बाहर भी कूड़ा फेंककर विरोध जताया जाएगा। यह प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं।