मोहाली। सफाई सेवक मजदूर यूनियन ने नगर निगम प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि नौ लंबित मांगों का समाधान नहीं किया गया तो पूरे शहर में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। इससे पब्लिक टॉयलेट, आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों और सीवरमैन से जुड़ी सेवाएं प्रभावित होंगी।
यूनियन ने साफ किया है कि सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। यूनियन के प्रधान अजीत सिंह ने बताया कि पब्लिक टॉयलेट में तैनात सफाई कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं। कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल की नगर निगम के कमिश्नर, जॉइंट कमिश्नर और मेयर के साथ कई बैठकें हुईं। हालांकि, इन बैठकों में केवल आश्वासन ही मिले और किसी भी मांग पर ठोस फैसला नहीं लिया गया। अजीत सिंह ने कहा कि यूनियन पब्लिक टॉयलेट सफाई कर्मचारियों के आंदोलन के साथ मजबूती से खड़ी है।
लंबित मांगें और संभावित प्रभाव
प्रशासन से पब्लिक टॉयलेट कर्मियों, आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों और सीवरमैन की सभी लंबित मांगों का तीन दिनों के भीतर समाधान करने की मांग की गई है। यदि प्रशासन इस अवधि में समाधान नहीं करता है, तो यूनियन हड़ताल का एलान करेगी। इस हड़ताल से नगर निगम की सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो सकती है। कर्मचारियों का कहना है कि वे केवल आश्वासनों से संतुष्ट नहीं हैं।