खरड़। सब्जी मंडी खरड़ इन दिनों बदहाली का शिकार है। पिछले साल दिसंबर में मंडी के शेड के चारों ओर सड़क निर्माण का काम शुरू हुआ था, लेकिन ठेकेदार आधा अधूरा काम छोड़कर चला गया। अब उसका नतीजा यह निकला कि बरसात के मौसम में अधूरी पड़ी सड़कों पर कीचड़ और पानी जमा हो रहा है। ग्राहकों और आढ़तियों को इसी कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है, जबकि चारों ओर सड़े-गले फल-सब्जियों के ढेर से उठती दुर्गंध ने हालात और बदतर कर दिए हैं।
सड़क निर्माण के चलते करीब ढाई से तीन महीने तक आढ़तियों को दूसरे शेड में शिफ्ट किया गया था, ताकि काम बिना बाधा पूरा हो सके। लेकिन गेहूं का सीजन शुरू होते ही उन्हें फिर पुराने स्थान पर लौटना पड़ा। सड़क निर्माण अब तक अधूरा है और बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। मंडी में कारोबार करने वाले आढ़तियों और ग्राहकों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण और सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता पर लेकर जल्द सुधार किया जाए, ताकि मंडी दोबारा सुचारु रूप से संचालित हो सके।
बचा हुआ काम दोबारा शुरू किया जाएगा
मंडी बोर्ड की ओर से 80 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण का टेंडर जारी किया गया था। ठेकेदार को समय पर भुगतान न मिलने के कारण उसने काम बीच में छोड़ दिया। अब बकाया राशि का भुगतान कर दिया गया है और जैसे ही बरसात का मौसम खत्म होगा, बचा हुआ काम दोबारा शुरू किया जाएगा।- गुरनाम सिंह, मार्केट कमेटीसचिव
सफाई ठेका भी अधूरा, मंडी में केवल दो दिहाड़ी कर्मचारी
मंडी में सफाई व्यवस्था की हालत खराब है। गंदगी का आलम यह है कि शेड के किनारे सड़ी-गली सब्जियों के ढेर लगे हैं और पुराने गेहूं सीजन के अवशेष अब भी सड़कों पर पड़े हैं। सचिव ने बताया कि सफाई का काम पहले एक ठेकेदार को सौंपा गया था, लेकिन वह भी बीच में ही काम छोड़ गया। अब पूरे मंडी परिसर की सफाई के लिए केवल दो दिहाड़ी कर्मचारी लगाए गए हैं, जो पर्याप्त नहीं हैं।