जीरकपुर। जीरकपुर में एटीएम से रुपये निकलवाने पहुंचे व्यक्ति को नशीला पदार्थ सुंघाकर 20 हजार रुपये नकदी और एटीएम कार्ड लूट लिया गया। सूचना के बाद जीरकपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जायजा लेने के बाद करवाई शुरू कर दी।
नीतिश कुमार निवासी आदर्श कॉलोनी जीरकपुर ने पुलिस को बताया कि वह शनिवार करीब 12 बजे दिन में अंबाला रोड स्थित परमार पेट्रोल पंप पर बने एटीएम से पैसे निकलवाने गया। जैसे ही उसने पैसे निकाले तो वहां पहले से मौजूद दो व्यक्तियों ने उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर बेसुध कर दिया और एटीएम से निकाले रुपये और उसका एटीएम लेकर मौके से फरार हो गए।
जबकि उसकी मां एटीएम के बाहर खड़ी थी। भिखारी की वेश में पहुंचे लुटेरों ने एटीएम कैबिन से बाहर निकलते उसकी मां को धक्का दिया और एक पोटली उसके पैर पर फेंककर फरार हो गए। जब इस घटना को देखकर आसपास के लोग वहां इकट्ठे हुए और उस पोटली को खोला तो उसमें से अखबार के टुकड़े मिले। इसके बाद लोगों ने इसकी शिकायत जीरकपुर पुलिस को दी।