जीरकपुर। ढकोली में फाटक-पार सोसाइटियों की ओर जाती मुख्य सड़क पर खुले पड़े गटर और उनके ढक्कन लोगों के लिए मुसीबत बन गए हैं। यहां पर स्थित ग्रीन वैली अपार्टमेंट्स, पाइन होम्स और स्वामी एनक्लेव की तरफ जा रही सड़क पर बहुत से गटर हैं। गौरतलब है कि ये सब गटर सड़क के बीचों बीच हैं, और लगभग सभी गटरों के ढ़क्कन भी टूटे हुए हैं या बुरी हालत में हैं। इसके अलावा ये सब गटर सड़क की सतह से ऊंचाई पर हैं, जो की आवाजाही के लिए बाधा बनते हैं। इनसे टकराकर बहुत से लोग रोज चोटिल होते रहे हैं। इनमें से सबसे बड़ी खतरे की वजह बन रहा है यहां का मेन गटर या मेनहोल जो कि मेन एंट्रेंस पर ही है। इस पर कोई भी कवर या ढ़क्कन नहीं होने की वजह से यहां पर बारिश के मौसम में खतरा बहुत बढ़ जाता है और लोगों ने इसकी शिकायत बहुत बार अपने स्थानीय पार्षद से भी की है।सड़क पर बने ऊंचे गटर
सड़क के बीचोंबीच गटर बनाए गए हैं, कुछ गटर सड़क के लेवल से भी ऊंचे हैं। अचानक सामने आ जाने पर वाहन चालक अपना नियंत्रण खो बैठते हैं और गिर पड़ते हैं। इनकी मरम्मत करवानी चाहिए। -किशन कुमार स्थानीय निवासी, जीरकपुर
पार्षद कुछ नहीं करते
नगर परिषद को स्वत: संज्ञान लेकर इन गटरों का कुछ न कुछ करना चाहिए। हमने यहां के पार्षद को भी बहुत बार कहा है मगर वह इसके बारे में कुछ नहीं करते। इन सबसे खतरनाक मेनहोल है जिस पर कोई लिड न होने की वजह से इसका खतरा बढ़ जाता है। -आकाश कुमार स्थानीय निवासी, जीरकपुर
गिर गई थी नई कार
बरसाती मौसम में मेनहोल नजर नहीं आता, इसी के चलते यहां पर पिछले दिनों एक नई कार गिर गई थी। वाहन चालक को तो चोट नहीं लगी लेकिन उसकी कार काफी खराब हालत में है। इसी तरह के और हादसों को दावत दे रहा है बिना ढ़क्कन का यह मेनहोल। -रमन सिंह स्थानीय निवासी, जीरकपुर
पानी में गटर नहीं दिखता
मैं इस इलाके में कभी-कभी आता हूं लेकिन बहुत संभलकर अपने वाहन को निकालना पड़ता है, क्योंकि आजकल बारिश का मौसम है। तो कभी कोई गटर पानी से ढ़क जाता है तो नजर नहीं आता। अनजान व्यक्ति को यहां चोट लगने की संभावना है। -करण कुमार निवासी
कोट
मेरे संज्ञान में यह इलाका नहीं है। अभी हाल में ही मेरी यहां पर ड्यूटी लगी है। स्थानांतरण के कारण लंबित कामों का जायजा लिया जाएगा। शनिवार को ठेकेदार से बात कर के यह ढ़क्कन लगवा दिया जाएगा। -अमनदीप शर्मा, जेई, सड़क निर्माण, नगर परिषद, जीरकपुर
(संदीप जुनेजा)