नयागांव। न्यू चंडीगढ़ क्षेत्र में गांवों को आपस में जोड़ने वाली संपर्क सड़कों की हालत बद से बदतर हो चुकी है। मुख्य रूप से पेंतपुर गांव से सलामतपुर, रसूलपुर, डोडे माजरा और रानी माजरा को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह खस्ताहाल है। सड़क पर बने गहरे गड्ढे राहगीरों के लिए मुसीबत का सबब बने हुए हैं। खासकर बारिश के दिनों में इन गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को गहराई का अंदाजा नहीं मिल पाता, जिससे रोजाना हादसे हो रहे हैं।
न्यू चंडीगढ़ भाजपा युवा मंडल के अध्यक्ष सतबीर सिंह सत्ती ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह सड़क करीब 16-17 साल पहले बनी थी। इसके बाद से किसी भी सरकार या विभाग ने इसकी सुध नहीं ली। उन्होंने आरोप लगाया कि इस समस्या को कई बार मौजूदा सरकार के ध्यान में लाया गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। सरकार ने इन गांवों को सिर्फ वोट बैंक समझ रखा है और विकास के नाम पर ग्रामीणों को ठगा जा रहा है।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगें और चेतावनी
-सड़क का नवनिर्माण: सलामतपुर के परमिंदर सिंह भोला और बिल्ला सहित अन्य ग्रामीणों ने मांग की है कि इस संपर्क मार्ग को जल्द से जल्द अच्छी गुणवत्ता के साथ दोबारा बनाया जाए।
-स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था: ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर रोशनी का कोई प्रबंध नहीं है। रात के समय किसी भी बड़ी अनहोनी से बचने के लिए यहां तुरंत स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएं।
-प्रशासन को चेतावनी: ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रशासन ने समय रहते सुध नहीं ली, तो वे तीखा संघर्ष शुरू करने को मजबूर होंगे।