जीरकपुर। ढकोली के वार्ड-13 के वसंत विहार-2 में सड़क निर्माण कार्य चार माह से रुका है। यह अधूरी सड़क स्थानीय निवासियों के लिए रोजमर्रा की बड़ी समस्या बन गई है। नगर परिषद चुनाव समाप्त होते ही काम अचानक बंद कर दिया गया था।
क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि नगर परिषद चुनाव से पहले सड़क का निर्माण युद्धस्तर पर कराया जा रहा था। पिछले करीब चार महीनों से निर्माण कार्य बंद होने के कारण सड़क उखड़ी हुई हालत में पड़ी है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि धूल, गड्ढों और खराब रास्ते ने पूरे इलाके की तस्वीर बिगाड़ दी है। उनका आरोप है कि विकास के वादे केवल चुनाव तक सीमित रहे। अब जनता को अधूरी परियोजनाओं के साथ छोड़ दिया गया है। लोगों ने आशंका जताई कि यदि बारिश से पहले सड़क और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो पूरा इलाका जलभराव की चपेट में आ जाएगा। इससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों की मुश्किलें कई गुना बढ़ जाएंगी।