संवाद न्यूज एजेंसी
जीरकपुर। नगला से पीआर-7 को जोड़ने वाली सड़क की हालत लंबे समय से खस्ता बनी हुई है। सड़क जगह-जगह से टूटी होने के साथ सीवरेज ओवरफ्लो होने के कारण पानी में डूबी रहती है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी अधिक होने के कारण दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर रहे हैं, जबकि वाहनों को भी नुकसान पहुंच रहा है। इस सड़क के आसपास कई सोसायटियां और एक निजी बड़ा स्कूल मौजूद है। सीवरेज का गंदा पानी सड़क पर जमा रहने से पूरे क्षेत्र में बदबू फैल रही है। स्कूली बच्चों, स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है। लोगों का कहना है कि पिछले कई महीनों से समस्या बनी हुई है। नगर परिषद को कई बार शिकायत देने के बावजूद अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हुआ। स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क की एक तरफ बिल्डर द्वारा बनाई गई निजी सड़क ठीक है, जबकि सरकारी सड़क की हालत बेहद खराब है। यह मार्ग मुख्य सड़क पर लगने वाले जाम से बचने का बेहतर विकल्प है। लोगों ने सड़क की मरम्मत के साथ सीवरेज लाइन को दुरुस्त कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जलभराव से हादसों के साथ बीमारियां फैलने का खतरा भी बढ़ रहा है।
ये कहना है लोगों का :
यह सड़क लंबे समय से टूटी हुई है। यहां दो सड़के हैं एक पूरी तरह ठीक है लेकिन सरकारी सड़क बिलकुल टूटी हुई है। जिस पर से रोजाना आम लोग निकलते हैं। पैदल व दो पहिया वाहन का इस रास्ते से निकलना बिलकुल ही मुश्किल है। जब नगला रोड़ पर जाम लग जाता है तो यहीं शॉर्टकट है और जाम से बचने के बढ़िया रास्ता है। लेकिन सड़क की हालत खस्ता होने के कारण अब लोगों ने इधर से जाना ही बंद कर दिया है। - अमरीक सिंह निवासी नगला बस्ती।
नगला से पीआर 7 को जोड़ने वाले करीब एक से डेढ़ किलोमीटर के इस पैच की हालत इतनी खस्ता है के इस तरफ जाना भी मुसीबत नजर आता है। सड़क पर हर तरफ सीवरेज का गंदा पानी फैला रहता है। बदबू इतनी ज्यादा है के आसपास के लोगों का रहना मुश्किल हुआ पड़ा है। जबकि आसपास के लोगों व गांव निवासियों द्वारा इसकी शिकायत कई बार की जा चुकी है। लेकिन इस समस्या का समाधान नही किया जा रहा है। - खरैती राम, निवासी गांव नगला बस्ती।
नगर परिषद की ओर से सड़क के काम का सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे पूरा होते ही सड़क का काम शुरू करवा दिया जाएगा। कुछ लोगों के अवैध सीवरेज कनेक्शन होने की जानकारी मिली है। जांच के बाद अवैध कनेक्शन काटकर सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा। -गुरप्रीत सिंह विर्क, प्रधान, नगर परिषद जीरकपुर।