एयरपोर्ट चौक पर कार व पिकअप में भिड़ंत के बाद क्षतिग्रस्त पड़ी कार और पिकअप
- फोटो : MOHALI
मोहाली। सोहाना थाने के एरिया में शनिवार को दो सड़क हादसों में एक महिला समेत दो लोगों की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज करके अपनी जांच शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक इस केस में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
जानकारी के मुताबिक पहला हादसा गांव राजपुर के नजदीक हुआ। इस संबंधी शिकायकर्ता सत्यवीर सिंह ने बताया कि वह अपनी माता कलावती (65) के साथ बाइक से गांव की तरफ जा रहा था। जब वह रायपुर गांव के पास पहुंचकर बाईं तरफ मुड़ने लगे तो इसी बीच एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में लिया। इस कारण बाइक काफी दूर जाकर गिरी। हादसे में वह और उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद उसे और उसकी मां को सेक्टर-32 स्थित जीएमसीएच ले जाया गया जहां पर इलाज के दौरान उसकी मां की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में रैश ड्राइविंग व लापरवाही की वजह से दूसरे की जान लेने समेत कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
दूसरा हादसा एयरपोर्ट चौक के नजदीक गांव बाकरपुर के पास हुआ। यहां पर एक तेज रफ्तार कार ने पैदल जा रहे व्यक्ति को अपनी चपेट में ले लिया। उसकी अभी तक पहचान नहीं हो पाई। पुलिस ने शव को पहचान के लिए फेज-छह स्थित सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। वहीं पुलिस ने इस मामले में जगतार सिंह की शिकायत पर सेक्टर-70 निवासी सुषमा शर्मा पर केस दर्ज किया है। अभी तक आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है।