शहर में विकास कार्यों को लेकर एक बार फिर राजनीति गरमा गई है। ताजा मामला फेज-11 में पानी की पाइपों को बदलने के लिए अकाली दल के हलका इंचार्ज हरिंदर पाल सिंह चंदूमाजरा की ओर से जारी किए गए चेक का है। इस पर नगर निगम के सीनियर डिप्टी मेयर रिशव जैन ने जुबानी हमला बोल दिया है।
उन्होंने कहा कि हरिंदरपाल सिंह चंदूमाजरा गलत तथ्य पेश करके लोगों को गुमराह कर रहे हैं। सांसद के बेटे नगर निगम के कामों में दखलंदाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह एमएलए बनने के सपने देख रहे हैं। जैन ने उन्हें इससे पहले फेज-11 से पार्षद का चुनाव जीतने की ललकार दी।
रिशव जैन ने कहा कि फेज-11 में पानी की पाइप लाइन डालने के लिए नगर निगम द्वारा 18 मार्च की मीटिंग में प्रस्ताव पास किया गया था। 31 मार्च को जन सेहत विभाग को करीब एक करोड़ 21 लाख की राशि गमाडा से जारी करवाई। हालांकि गमाडा पहले इस राशि को देने से मना कर रहा था। बाद में गमाडा के ध्यान में आया कि इस क्षेत्र में पाइपलाइन वाली जगह पर स्थानीय लोगों ने कब्जा कर रखा है और यह कब्जे छुड़वाना निगम के बस में नहीं है।
इसलिए पाइप लाइन डालने के लिए फंड जारी किया जाए। इसके बाद गमाडा ने यह राशि जारी की थी। यहीं नहीं शहर में लग रहे सात नए ट्यूबवेलों को भी अकाली दल अपनी उपलब्धि बताकर लोगों को गुमराह कर रही है। इससे पहले गांव मदनपुरा की फिरनी का उद्घाटन विधायक बलबीर सिंह सिद्धू द्वारा किया गया था पर बाद में इसी काम का सांसद चंदूमाजरा ने उद्घाटन किया। इस मौके पर कांग्रेसी पार्षद जसबीर सिंह मणकू व अमरीक सिंह सोमल और कंवलनैन सिंह सोढी और गौरव जैन भी मौजूद थे।
‘कांग्रेसी अच्छे काम की प्रशंसा करने की हिम्मत नहीं रखते’
वहीं, दूसरी तरफ इस मामले में अकाली दल शहरी के प्रधान परमजीत सिंह, बीसी सेल के प्रधान गुरमुख सिंह सोहल व स्त्री अकाली दल की शहरी की प्रधान कुलदीप कौर कंग ने कहा कि चंदूमाजरा परिवार द्वारा शहर के लिए किए जा रहे कामों की प्रशंसा करनी चाहिए। साथ ही परिवार का शहर का विकास करवाने के लिए धन्यवाद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी किसी भी अच्छे काम की प्रशंसा करने की हिम्मत नहीं रखते।