पंचकूला। स्टॉक मार्केट में निवेश के नाम पर मोटे मुनाफे का लालच देकर साइबर ठगों ने रिटायर्ड कर्नल सतपाल शर्मा से 48.28 लाख रुपये ठग लिए। शातिरों ने आरसीआई-पीएमए फर्जी ट्रेडिंग एप डाउनलोड कराया और निवेश करने के लिए बैंक खातों के नंबर देकर ठगी को अंजाम दिया।
पीड़ित ने ठगी का शिकार होने के बाद साइबर क्राइम पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने बीएनएस की धाराएं 316 (2), 318 (4), 336 (3), 338, 340 (2) और 61 (2) तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रिटायर्ड कर्नल सतपाल शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह विक्रम विहार सेक्टर-27 में रहते हैं। जुलाई 2025 में उनकी जानकारी के बिना उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप के-21 फ्यूचर इंवेस्टर फॉर्म में जोड़ दिया गया। इस ग्रुप में 132 सदस्य पहले से जुड़े थे। इनमें व्हाट्सएप ग्रुप एडमिन अंजली मेहत्ता, रिलायंस कैपिटल श्रीधर रंगराजन और अन्य व्यक्ति शामिल थे।
उन्होंने बताया कि ग्रुप में स्टॉक मार्केट में निवेश के नाम पर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। ग्रुप एडमिन और एक अन्य व्यक्ति रवि गेहरा ने उनसे फर्जी ट्रेडिंग एप आरसीआई-पीएमए डाउनलोड कराया और निवेश करने के लिए बैंक खातों के नंबर उपलब्ध कराए। उन्होंने बताया कि रवि गेहरा खुद को कंपनी का मैनेजर बताता था।