नयागांव। पटियाला की राव नदी पर बने अस्थायी कूड़ाघर में कूड़े के ढेर लग गए हैं। इससे पूरे इलाके में बदबू फैल रही है, जिससे स्थानीय लोग परेशान हैं। नगर परिषद करोड़ों रुपये खर्च करने के बावजूद इस समस्या का समाधान नहीं कर पा रही है। मौजूदा समय में लगे कूड़े के ढेरों के कारण आसपास पशु-पक्षी मंडराते रहते हैं। इससे बीमारियों के फैलने का खतरा भी बना हुआ है। यह अस्थायी कूड़ाघर इसलिए बनाया गया था क्योंकि नगर परिषद के पास कूड़ा रखने के लिए अपनी कोई जगह नहीं है। यहां से कूड़े को रोजाना अलग करके बड़े टिप्परों या ट्रालियों में भरकर लालडू स्थित डंपिंग ग्राउंड ले जाया जाता है। हालांकि, करोड़ों रुपये का ठेका होने के बावजूद कूड़ा समय पर नहीं उठाया जा रहा है। प्रशासन की इस लापरवाही से यह अस्थायी स्थल स्थायी डंपिंग ग्राउंड में बदल सकता है। इसका खामियाजा आने वाले दिनों में नयागांव के लोगों को भुगतना पड़ेगा।
करोड़ों के ठेके के बावजूद बदहाली
नयागांव नगर परिषद साफ-सफाई और कूड़े के निस्तारण पर करोड़ों रुपये खर्च करती है। इसके बावजूद इलाके में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन ने जल्द ध्यान नहीं दिया तो स्थिति और बिगड़ जाएगी। कूड़े के ढेर लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जिससे पर्यावरण और स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है।
पटियाला की राव नदी से कूड़ा उठाने के लिए ठेकेदार को बुलाकर सख्त निर्देश दिए हैं। इस कूड़े के ढेर को दो या तीन दिन में यहां से उठाया लिया जाए। पिछले दिनों सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते और नयागांव को साफ सुथरा बनाने के लिए खाली प्लॉटों से भी कूड़ा उठाकर जा रहा है। इस वजह से इस डंपिंग ग्राउंड पर कूड़ा इकट्ठा हो गया था। अब शहर को साफ सुथरा बनाने के लिए 2-3 दिन में जल्द ही इस टेंपरेरी डंपिंग ग्राउंड को खाली कर दिया जाएगा। - विजय जिंदल, नगर परिषद अधिकारी, नयागांव