खरड़। लुधियाना हाईवे स्थित नगर परिषद खरड़ की सीमा के अंतर्गत आने वाली एक ओंकार कालोनी, भागोमाजरा के निवासी सीवरेज के ओवरफ्लो होते गंदे पानी से बुरी तरह परेशान हैं। कालोनीवासियों का कहना है कि सीवरेज का पानी गलियों में भरकर बदबू और गंदगी फैला रहा है, जिससे उनका रहना दूभर हो गया है।
कालोनी के सरवेज पुंज, परमजीत सिंह, राजिंदर सिंह, जतिंदर कौर, चिराग सिद्धू, रजत राम, के एन सिंह, शैलजा धीमान, नवनीत, गौरव शर्मा और राजीव ठाकुर सहित अन्य निवासियों ने बताया कि गंदा पानी लंबे समय से गलियों में जमा है। इससे लोगों को घर आने-जाने में भारी मुश्किल हो रही है और बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है।
निवासियों ने बताया कि कालोनी में लगा सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट ओवरफ्लो हो रहा है। नगर परिषद दफ्तर में शिकायत करने पर उन्हें एसडीएम ऑफिस में लिखित शिकायत दर्ज कराने के लिए कहा जाता है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
कालोनीवासियों का कहना है कि उन्होंने प्लॉट खरीदते समय और नक्शे पास करवाने के लिए नगर परिषद को लाखों रुपये फीस दी है, फिर भी उन्हें मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रहीं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान न हुआ तो सीवरेज का पानी घरों में घुस जाएगा। निवासियों ने प्रशासन और नगर परिषद से समस्या का तुरंत समाधान करने की मांग की है।