गांव बलौंगी स्थित सिख अजायब घर में भी लोग अब शहीद भाई दयाला सिंह जी के दर्शन भी कर सकेंगे। अजायब घर में परविंदर सिंह की ओर से भाई दयाला सिंह की प्रतिमा तैयार की गई है। परविंदर ने बताया कि इस माडल को बनाने में करीब 6 माह का समय लगा है। इस माडल में औरंगजेब काजी और जल्लादों के वस्त्र असली डाले गए हैं। जबकि केस और दाढ़ी नकली लगाई गई है। कलाकार परविंदर सिंह ने बताया कि वह काफी समय सिख इतिहास से संबंधित महान सपूतों और योद्धाओं के मॉडल तैयार कर रहे हैं। करीब सौ से अधिक मॉडल उन्होंने तैयार कर लिए हैं। लंबे समय से संगत की मांग चली आ रही थी। उन्होंने बताया कि वह प्रतिमाएं बनाने से पहले इस संबंधी पूरी स्टडी करते है। साथ ही इतिहासकारों से भी इस संबंध में चर्चा करते है। जिसके बाद ही वह मॉडल को तैयार करते है। इससे पहले भी अजायब घर में कई माडल प्रदर्शित किए जा चुकें हैं। जिनमें बाबा बंदा सिंह बहादुर, छोटे साहिबजादों की शहादत संबंधी प्रतिमाएं, शहीद ऊधम सिंह समेत कई महान योद्धाओं के मॉडल शामिल हैं। जिसे देखने के लिए लोग दूर दराज से आते हैं।
शहीद ऊधम सिंह की प्रतिमा की पिस्तौल ले गए चोर
मोहाली। सिख म्यूजियम में कुछ समय पहले शहीद ऊधम सिंह की स्टैच्यू की पिस्तौल चोरी हो गई थी। आरोपी सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गया है। म्यूजियम के प्रबंधक एवं कलाकार परविंदर सिंह की तरफ से इस संबंध में पुलिस को शिकायत दे दी गई है। इसके बाद पुलिस ने इस संबंध में केस डीडीआर भी दर्ज की गई थी। अभी तक आरोपी पकड़ में नहीं आ सका है।
नगर कीर्तन में शामिल की गई थी प्रतिमाएं
जानकारी के मुताबिक गुरुद्वारा तालमेल कमेटी की तरफ से कुछ दिन पहले श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में विशाल नगर कीर्तन निकाला गया था। इसमें भी म्यूजियम की तरफ से कुछ प्रतिमाओं को नगर कीर्तन में शामिल किया गया था। जिसे लोगों द्वारा खूब पसंद किया गया था।