मोहाली। अनलॉक-2 शुरू होने के साथ ही 6 जुलाई से सावन का पवित्र महीना शुरू हो रहा है। यह महीना बहुत से उत्सव व धार्मिक यात्राओं का होता है। इस बार कोविड-19 के चलते इस पर पाबंदी है। फिर भी कुछ राहत मिली है, जिससे लोगों को धार्मिक स्थलों पर पूजा-पाठ व लंगर-प्रसाद वितरण की छूट मिली है। वहीं, रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक के कर्फ्यू के दौरान यात्री अपने टिकट या होटल बुकिंग को कर्फ्यू पास के तौर पर इस्तेमाल कर सकेंगे।
31 जुलाई तक चलने वाले अनलॉक-2 के लिए डीसी गिरीश दयालन ने लोगों के लिए दिशा निर्देश जारी किए। यह अधिकांश निर्देश केंद्र व राज्य सरकार की गाइडलाइन के आधार पर ही हैं। जुलाई के दौरान मंदिर-गुरुद्वारों सहित धार्मिक स्थल सुबह 5 बजे से शाम 8 बजे तक श्रद्घालुओं के लिए खुले रहेंगे। हालांकि एक समय में 20 से ज्यादा लोगों के धार्मिक स्थलों पर उपस्थित होने पर पाबंदी रहेगी। इसलिए धार्मिक स्थलों की प्रबंध समितियों को सलाह दी गई हैं कि पूजा-पाठ का समय इस प्रकार निर्धारित करें कि 20 से ज्यादा लोग एक समय पर एकत्र न हो सकें। साथ ही धार्मिक स्थलों पर सैनिटाइजेशन, हाथ धोने के उचित प्रबंध के साथ मास्क पहन कर सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखना जरूरी होगा। इन नियमों का पालन कर लंगर व प्रसाद वितरण की छूट दी गई है।