जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंदों की मदद कर रही जिला रेडक्रॉस शाखा
मोहाली। उपायुक्त एवं जिला रेडक्रॉस शाखा की अध्यक्ष कोमल मित्तल के मार्गदर्शन में दिवाली के अवसर पर रेडक्रॉस की ओर से एक जरूरतमंद परिवार को राशन उपलब्ध करवाया गया। इस मौके पर सहायक कमिश्नर (जनरल) डॉ. अंकिता कांसल ने कहा कि रेडक्रॉस संकट के समय मानवता की सेवा और जरूरतमंदों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहती है। शाखा के सचिव हरबंस सिंह ने बताया कि जिला अस्पताल मोहाली, खरड़ और कुराली के जन औषधि स्टोरों से गरीब मरीजों को सस्ती दवाइयां उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इसके अलावा दिव्यांगों को कृत्रिम अंग देकर आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। विंग्स प्रोजेक्ट के तहत विशेष जरूरतों वाले बच्चों को रोजगार दिया गया है। वहीं, जिला प्रशासनिक परिसर में कम फीस पर कंप्यूटर कोर्स भी करवाए जा रहे हैं।