मोहाली। जिले में कोरोना संक्रमण से होने वाली मौतों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वीरवार को 20 लोगों की मौत हो गई, कोरोना काल में एक दिन में होने वाली मौतों की यह सबसे बड़ी संख्या है। जबकि इस दौरान 467 लोग संक्रमित सामने आए हैं। साथ ही जिले में कोविड से अब तक होने वाली मौतों का आंकड़ा 821 पर पहुंच गया है। जबकि रिकॉर्ड 1442 लोगों ने कोरोना को मात देकर जिंदगी की जंग जीती है।
डीसी गिरीश दियालन ने लोगों को हिदायत दी है कि वह कोविड गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन करें। उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी को मात देने के लिए लोगों के सहयोग की जरूरत है। एक तो लोगों को खुद कोरोना गाइडलाइन का पालन करना होगा। साथ ही अगर किसी को कोरोना के लक्षण नजर आते हैं तो समय रहते तुरंत अपना कोविड टेस्ट करवाएं। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की है।
जानकारी के मुताबिक वीरवार को जिन 20 लोगों की मौत हुई है, उनके बारे में प्रशासन की तरफ से ज्यादा जानकारी नहीं दी गई। जबकि संक्रमितों में डेराबस्सी से 59, ढकोली से 88, लालड़ू से 15, बूथगढ़ से 30, घडुआं से 33, खरड़ से 71, कुराली से 4, बनूड़ से 13 और मोहाली से 154 केस सामने आए हैं। वहीं, जिले में अब तक कोरोना के कुल 63276 केस सामने आ चुके हैं। इनमें से 55377 लोग ठीक हो गए हैं, जबकि 7078 मरीज अभी सक्रिय हैं। जिला प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि लोगों को किसी भी प्रकार की दिक्कत आती है तो मेडिकल हेल्पलाइन नंबर 104 पर मदद ले सकते हैं।
वहीं, मोहाली प्रशासन की वेबसाइट पर कोविड संबंधी हर चीज से जुड़ी जानकारी मुुहैया करवा गई है। लोग केवल उक्त वेबसाइट का इस्तेमाल कर कोई भी जानकारी ले सकते हैं। किसी तरह की दिक्कत आती है, तो उसमें सीनियर अधिकारियों के नंबर तक दिए गए हैं। उनसे संपर्क किया जा सकता है।