मोहाली। श्री रामलीला एवं दशहरा कमेटी, फेज-1 के सदस्यों और उनके परिवारों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ दीपावली उत्सव मनाया। इस अवसर पर कमेटी द्वारा आयोजित समारोह में विधिवत पूजन-अर्चना की। उपस्थित सभी सदस्यों ने भगवान श्रीराम से समाज में शांति, सुख और समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा, जिससे एक अत्यंत भक्तिमय और उत्साहपूर्ण माहौल बन गया। श्रद्धालुओं ने मिलकर पूरे उत्साह के साथ ‘जय श्रीराम’ के जयकारे लगाए। कमेटी सदस्यों और उनके परिवारजनों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और आपस में मिठाइयां वितरित की गईं।
समाज में एकता व सद्भाव का दिया संदेश
इस अवसर पर कमेटी के प्रधान आशु सूद ने दीपावली के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व अंधकार पर प्रकाश और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। उन्होंने संदेश दिया कि हम सभी को अपने जीवन में भी अच्छाई, प्रेम और भाईचारे के दीप जलाने चाहिए। कार्यक्रम में कमेटी के अन्य पदाधिकारी और सदस्य भी उपस्थित रहे। उन्होंने मिलकर दीप प्रज्वलित किए और समाज में एकता व सद्भाव का संदेश दिया।