मोहाली। भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का पर्व रक्षाबंधन आज पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इसको लेकर कल दिनभर मोहाली के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। सेक्टर 70, फेज-7, फेज-3बी2, बलौंगी, खरड़ रोड और गांवों के स्थानीय बाजारों में राखी, सजावटी थालियों, गिफ्ट और मिठाइयों की दुकानों पर सुबह से लेकर देर रात तक ग्राहकों की भीड़ लगी रही। कल सुबह से ही राखी की दुकानों पर महिलाओं और बच्चों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी।
बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर और सुपरहीरो राखियों की खूब मांग रही, जबकि युवाओं और बुजुर्गों ने कुंदन, जरी, मोती और डिजाइनर राखियां पसंद कीं। कई बहनों ने अपने भाईयों के लिए खास ‘लूम्बा राखियां’ भी खरीदीं, जो इस बार बाजार में ट्रेंड में हैं। बता दें कि राखी के साथ गिफ्ट का क्रेज भी देखने को मिला। गिफ्ट शॉप्स में चॉकलेट बॉक्स, परफ्यूम, घड़ियां, पर्स, कपड़े और डेकोरेशन आइटम्स की खूब बिक्री हुई। कई लोगों ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स से भी राखी और गिफ्ट मंगवाए, जिससे डिलीवरी एजेंसियों की व्यस्तता बढ़ गई।
मिठाई विक्रेताओं की बिक्री कई गुना बढ़ी
त्योहार के मौके पर मिठाई विक्रेताओं की बिक्री कई गुना बढ़ गई। रसगुल्ला, गुलाब जामुन, केसर पेड़ा, बर्फी और ड्राई फ्रूट पैक की सबसे ज्यादा बिक्री हुई। कई दुकानों पर शुगर-फ्री और लो-कैलोरी मिठाइयां भी उपलब्ध कराई गईं, जिनकी मांग पिछले साल के मुकाबले इस बार ज्यादा रही। मिठाई विक्रेताओं का कहना है कि ग्राहक क्वालिटी और पैकिंग पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं।
ट्रैफिक पर भी असर
त्योहार की खरीदारी के कारण शहर के प्रमुख बाजारों और मॉल्स के बाहर शाम को ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। पार्किंग स्थल पर जगह न मिलने से कई लोगों को वाहन दूर खड़े करके खरीदारी करनी पड़ी। पुलिस ने बाजारों में अतिरिक्त जवान तैनात किए हैं और आज त्योहार के दिन भीड़ नियंत्रित करने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।
रक्षाबंधन 2025 — राखी बांधने का शुभ समय
तारीख: 9 अगस्त 2025
सुबह 5:47 बजे से दोपहर 1:24 बजे तक
योग: पूरे समय सौभाग्य योग
ब्रह्म मुहूर्त: 4:22 बजे से 5:04 बजे तक
अभिजीत मुहूर्त: 12:17 बजे से 12:53 बजे तक
भद्रा का साया नहीं रहेगा