नयागांव। नयागांव में लगातार हो रही बारिश के बाद कई गलियां और सड़कें जलमग्न हो गई हैं। बरसाती पानी की निकासी न होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र की अधिकांश स्टॉर्म वाटर पाइप लाइनें ब्लॉकेज का शिकार हैं, जिसके कारण बारिश का पानी गलियों में जमा हो रहा है। जलभराव की वजह से पैदल राहगीरों, स्कूली बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को आवागमन में काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।
कई स्थानों पर गंदा पानी घरों के बाहर तक पहुंच गया है, जिससे बीमारियां फैलने का भी खतरा बढ़ गया है। लोगों ने नगर परिषद से जल्द पाइपलाइन की सफाई कर जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बरसात के मौसम में यही स्थिति बन जाती है, लेकिन प्रशासन और सरकार द्वारा इसका अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा। नयागांव के स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर लोगों को राहत दिलाने की अपील की है।