डेराबस्सी। अंबाला-कालका रेल लाइन पर डेराबस्सी के पास रेलवे फाटक को विभाग ने रेल लाइन की आवश्यक मरम्मत के लिए पांच दिन के लिए बंद रखने का निर्णय लिया है। 15 जुलाई की सुबह से 19 जुलाई की शाम तक रेलवे फाटक बंद रहेगा। फाटक बंद होने की सूचना मिलने के बाद फाटक पार बसे दर्जनों गांवों के लोगों को चिंता सताने लगी है। इनमें स्कूल कॉलेज जाने वाले बच्चे भी शामिल हैं। गांव के साथ डेराबस्सी आने के लिए लोगों को या तो जनेतपुर में बने रेलवे अंडरपास से होकर आना होगा या फिर अमरदीप कॉलोनी से होते हुए रेलवे लाइन के नीचे से निकलने वाले दूषित पानी के नाले से निकलना होगा। फाटक पार करने वाले लोगों को उसी सड़क का प्रयोग करना होगा।
पहले भी फाटक बंद होने पर लोग इन्हीं सड़कों का इस्तेमाल करते थे, जहां भारी ट्रैफिक के कारण जाम लग जाता था। पैदल यात्री रेलवे लाइन के ऊपर से निकलते हैं और कुछ दोपहिया वाहन चालक भी रेलवे लाइन पार करके निकलते हैं। फाटक पार गांव धनौनी की ओर जाने वाली सड़क पर तीन निजी स्कूल भी हैं जिनमें ज्यादातर बच्चे फाटक पार इलाके से ही पढ़ने जाते हैं।पैदल यात्री लाइन पार कर जाएंगे लेकिन स्कूल बसों को एक कदम आगे जाना होगा।
रेलवे पुलिस स्टेशन से एएसआई गुरजिंदर सिंह ने बताया कि आने वाले दिनों में लोगों को परेशानी न हो इसलिए लोगों को इस बारे में पहले सुचना दी गई है। गौरतलब है कि यहां से हर समय बड़ी संख्या में वाहन निकलते हैं। फाटक बंद होते ही तहसील तक वाहनों की लाइन लग जाती है।