मोहाली। कोरोना काल की वजह से पिछले ढाई सालों से आई मंदी से बाहर निकलने के लिए रेलवे अब जिले के रेलवे स्टेशन पर विज्ञापन लगा कर अपने आर्थिक स्थिति को मजबूत करेगा। इस संबंध में रेलवे ने टेंडर जारी करने के बाद स्टेशन पर 10 साइटों की निशानदेही कर काम शुरू कर दिया है।
कोरोना काल के चलते रेलवे स्टेशन पर विज्ञापन बोर्ड नहीं लगाए जा सके थे। कोरोना में टेंडरिंग प्रक्रिया रोकने के बाद सभी प्रोजेक्ट लटक गए थे जिनमें यूनिपोल का काम भी रोकना पड़ा। कोरोना काल में रेलवे को आर्थिक संकट से गुजरना पड़ा था। अब हालात सामान्य होने के बाद रेलवे ने यूनिपोल किराए पर देने का फैसला करते हुए टेंडर निकाल कर कंपनी को अलॉट किया।
पांच साल के लिए दिए जाएंगे किराए पर
रेलवे स्टेशन पर विज्ञापन साइट को किराए पर देकर अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत करेगा। यही नहीं, पांच सालों के लिए यूनिपोल देने से करीब 50 लाख रुपये आमदनी होने की उम्मीद है। सूत्रों ने बताया कि स्टेशन पर यूनिपोल लगाने की मंजूरी मिलने के बाद इनकी साइट को लेकर निशानदेही की गई। बारिश की वजह से यह काम बीच में ही रोकना पड़ा।
क्या कहते हैं अधिकारी
रेलवे स्टेशन पर विज्ञापन बोर्ड लगाने का काम शुरू हो चुका है। इसके लिए स्टेशन पर 10 साइट निर्धारित की गई हैं। - प्रवीन कुमार, स्टेशन अधीक्षक मोहाली