डेराबस्सी। ईसापुर रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर रविवार को एक जीप की टक्कर से फाटक का एक पोल टूट गया। हादसे के बाद जीप चालक मौके से भाग गया। हालांकि वाहन का नंबर नोट कर लिया गया है। रेलवे विभाग ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
पोल क्षतिग्रस्त होने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर एहतियाती कदम उठाए गए। फाटक से गुजरने वाली ट्रेनों को धीमी गति से निकाला गया। किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए रेलवे पुलिस को भी मौके पर तैनात किया गया। फाटक लंबे समय तक बंद रहने के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी हुई। ईसापुर रोड के इस फाटक के आगे दर्जनों गांव और कॉलोनियां हैं। शाम के समय यातायात का दबाव पहले से ही रहता है, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।