डेराबस्सी। क्षेत्र में अवैध माइनिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एसडीएम हिमांशु गुप्ता ने शुक्रवार को दो अलग-अलग स्थानों से जेसीबी और टिप्पर को जब्त किया है। उन्होंने पुलिस को इस मामले में एफआईआर करने को कहा है। एसडीएम ने बताया कि डीसी आशिका जैन के आदेशानुसार अवैध माइनिंग को रोकने के लिए यह छापामारी की गई और स्वीकृत स्थानों से की गई खोदाई का भी निरीक्षण किया गया। उनके नेतृत्व में चेकिंग टीम में कार्यकारी इंजीनियर माइनिंग, एसडीओ माइनिंग और एसएचओ लालड़ू शामिल थे। खेड़ी जट्टां में निरीक्षण के दौरान अवैध खनन चल रहा था। जहां से एक जेसीबी बरामद की गई और इस मामले में एफआईआर की सिफारिश की गई है।
इसी प्रकार गांव बीजनपुर स्थल की जांच की गई तो वहां निर्धारित गहराई से अधिक खोदाई पाई गई। इस पर खनन अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वह स्वीकृत गहराई सुनिश्चित करने के लिए लेवल शीट लगाएं। तीसरी जगह गांव मकंदपुर में अवैध खनन चल रहा था। यहां ईंटों के भट्ठे के लिए खोदाई की जा रही थी। इस मामले में टिप्पर को जब्त कर लिया गया है।